अलवर नगर निगम के वार्ड नंबर 22 की पार्षद सोमवती देवी ने बेटे द्वारा छेड़छाड़ किए जाने पर उलाहना देने आए महिला के पति व उसकी बहन के साथ मारपीट की। लड़ाई के दौरान पार्षद की बेटी ने महिला का अंगूठा चबा डाला।
मामले की जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला लक्ष्मी परचूनी की दुकान से सामान लेने गई थी, इसी दौरान पार्षद का बेटा लाला शराब के नशे में उससे छेड़छाड़ करने लगा, जिसे लेकर उसने विरोध जताया तो वह लक्ष्मी से झगड़ने लगा। घर आकर उसने अपने परिजनों को आपबीती बताई, जिस पर लक्ष्मी का पति व ननद शीला पार्षद के बेटे की शिकायत लेकर उसके पास गए तो पार्षद सोमवती व उसके पति रामअवतार, बेटा मोनू, लाला व बेटी उन पर उल्टे टूट पड़े और इसी दौरान पार्षद की बेटी ने लक्ष्मी की ननद शीला का अंगूठा चबा लिया।
घटना की शिकायत कोतवाली थाना पुलिस को की गई है। लक्ष्मी व उसके परिवार का आरोप है कि पार्षद पति क्षेत्र में सट्टे का कार्य करता है और अवैध शराब की ब्रांच चलाता है। पुलिस से उसकी सांठगांठ है, इसके चलते पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।