जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं और आगे की जांच-पड़ताल में जुटी है।
पहला मामला अलवर के राजगढ़ थाना अंतर्गत गढ़बिनजारी गांव का है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। हेड कांस्टेबल हीरालाल ने बताया कि मृतका का नाम राजवती पति जगत सिंह गूजर है और वह गढ़बिनजारी की रहने वाली थी। विवाहिता की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
इधर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग के इंजीनियर सुपरवाइजर 38 वर्षीय रविकांत शर्मा की देर रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार रविकांत शर्मा बीती शाम ड्यूटी से घर आने के बाद सो गए, रात करीब साढ़े बारह बजे परिजनों ने उन्हें जगाया लेकिन वे नहीं उठे, जिस पर उन्हें सामान्य चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहरहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।