अजमेर के केकड़ी में आठ दिसंबर को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पत्नी को साथ नहीं भेजने से नाराज जीजा ने साले पर ट्रेलर चढ़ाकर हत्या कर दी थी।
साले ने दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस जांच सामने आया है कि गोपाल ने अपनी बहन लीला का तीन साल पहले सरसिया निवासी भानु प्रताप सिंह के साथ नाता विवाह किया था। भानु प्रताप और उसकी बहन के बीच मनमुटाव के कारण लीला अपने मायके रहने लगी। गोपाल का जीजा चार महीने पहले अपनी पत्नी को लेने ससुराल आया था। इसी दौरान जीजा और साले में कहासुनी हो गई। साले गोपाल ने अपने जीजा भानु प्रताप को गोरधा जाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उसी दिन भानु प्रताप ने अपने साले गोपाल को मारने की ठान ली।
भानु प्रताप चार साल से शाहपुरा की एचएम लॉजिस्टिक कंपनी का ट्रेलर चलाता था। करीब तीन महीने पहले ट्रेलर चलाने वह बाहर चला गया। 4 नवंबर को मृतक गोपाल ने अपनी बहन लीला का किसी और के साथ नाता विवाह कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद से ही भानु प्रताप बदला लेने के फिराक में था।
साले को मारने के लिए ट्रेलर लेकर खड़ा था जीजा
पुलिस जांच में समाने आया कि 7 दिसंबर को भानुप्रताप को भीलवाड़ा की जिंदल फैक्ट्री में ट्रेलर भरने जाना था लेकिन भानु प्रताप ने अपने साले को मारने के लिए ट्रेलर को भीलवाड़ा नहीं ले जाकर टोंक देवली के रास्ते अपने गांव सरसिया से ले गया। गांव जाकर उसने आपने मोबाइल से मुख्य सिम कार्ड को बंद कर दिया और अपनी दूसरी सिम कार्ड डाल ली। फिर कुशायता रोड पर भानूप्रताप साले का इंतजार करने लगा। हालांकि, गोपाल ने हेलमेट लगाई थी, इसलिए वह उसे पहचान नहीं पाया। ऐसे में वह मारने में नाकामयाब हो गया। एक बार फिर वो दोपहर 12:30 बजे सावर से गोरधा की और जाने वाले रास्ते पर ट्रेलर को ले जाकर खड़ा कर दिया और अपने साले गोपाल के आने का इंतजार करने लगा।
गोपाल दोपहर बाद तीन बजे अपने बेटे को लेकर स्कूल से घर जा रहा था। तभी आरोपी भानु प्रताप ने गोपाल की स्कूटी पर ट्रेलर चढ़ा दिया। जिससे साले गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोपाल का पुत्र दिव्यांश गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सावर पुलिस की स्पेशल टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी भानुप्रताप को जैतारण के पास हाईवे से ट्रेलर सहित गिरफ्तार किया है।