अजमेर शहर में लगातार पुलिस जुए-सट्टे के ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रशिक्षु आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अजमेर विकास प्राधिकरण के सामने गली में चल रहे जुए व सट्टे के ठिकाने पर दबिश देकर मौके से 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 60 हजार रुपये नकदी भी जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में खलबली मच गई। प्रशिक्षु आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि इनफॉर्मर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जुआरियों के ठिकाने पर दबिश दी और वहां से 15 जुआरियों को 60 हजार रुपये की नकदी के साथ में गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने ताश पत्ते सहित अन्य सामान भी जब्त किया है। जुआरियों ने जुआ खिलाने वाले के लिए बाकायदा ऑफिसनुमा कमरा बना रखा था और कमरे के अंदर सट्टे के बाजारों के नाम के बोर्ड दीवारों पर टांग रखे थे।
गौर करने वाली बात ये है कि जिस जगह जुआ और सट्टा चल रहा था वो एसपी कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर है, लेकिन थाना पुलिस को इसकी खबर नहीं थी। आज प्रशिक्षु आईपीएस की कार्रवाई से सिविल लाइन थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।