अजमेर शहर के जयपुर रोड स्थित भुणाबाय में बुधवार को तेज गति में आ रही रोडवेज बस ने एक बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। रोडवेज बस की टक्कर से बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला का पति घायल हो गया।
हादसे के बाद भुनाबाय गांव के ग्रामवासियों ने सड़क पर लंबा जाम लगा दिया और सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष हाथों में लाठियां लेकर खड़े हो गए। ग्रामीणों के द्वारा लगाए गए जाम से जयपुर रोड पर दोनों साइड कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना के बाद मौके पर मय जाब्ता पहुंचे एडिशनल एसपी ग्रामीण वैभव शर्मा ने ग्रामीणों से समझाइश की। लेकिन ग्रामीण स्पीड ब्रेकर बनाने और मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अड़ गए और उन्होंने मृतक महिला के शव को सड़क के किनारे रखकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक, मृतका जयपुर रोड के भुनाबाय में रहने वाली अंजलि थी। जो अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी। मृतका की शादी एक महीने पहले ही हुई थी। वहीं, करीब डेढ़ घंटे रास्ता जाम करने के बाद बाद एडिशनल एसपी ग्रामीण वैभव शर्मा ने ग्रामीणों से समझाइश की और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग व स्पेशल केस बनाकर सरकार से मुआवजा दिलाने की बात का आश्वासन देकर रास्ता खुलवाया।
हादसे के बाद अजमेर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उर्स मेले में लगी टोंक डिपो की रोडवेज बस RJ-14 PE-5299 को जब्त कर लिया और बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। यह बस ख्वाजा गरीब नवाज के सालाना उर्स में उर्स स्पेशल बस के रूप में लगाई गई थी, जो उर्स में जायरीनों को विश्राम स्थल से शहर लाती थी। फिलहाल, पुलिस ने मृतका के शव को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है।