राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कल राज्य बजट घोषणा की अनुपालना में जलदाय विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि 270 करोड़ रुपये की लागत की पाइप लाइन व एस.आर. टैंक योजना का काम जल्द शुरू हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य बजट घोषणा में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए 270 करोड़ रुपये की लागत से नसीराबाद से नौसल तक पाइप लाइन, कोटड़ा क्षेत्र में एस.आर. टैंक व अन्य घोषणाएं की गई हैं। इन घोषणाओं के पूरा होते ही अजमेर उत्तर पानी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो जाएगा और क्षेत्र में पानी कीअनियमित जलापूर्ति, कम प्रेशर से आपूर्ति व अन्य समस्याएं समाप्त हो जाएंगी। इन योजनाओं पर शीघ्र डीपीआर बनाकर काम शुरू किया जाए।
उन्होंने जयपुर में भी उच्च अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर अजमेर जिले को जलापूर्ति करने वाले बीसलपुर बांध क्षेत्र में बनने वाले इनटेक वैल के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अजमेर-जयपुर के लिए यह इनटेक वैल बड़ी राहत लेकर आएगा। उन्होंने अफसरों से कहा कि शहर में बेवजह के शटडाउन ना लें। लगातार शट डाउन लेने से जलापूर्ति चरमरा जाती और शहर को परेशानी झेलनी पड़ती है। देवनानी ने निर्देश दिए कि गेस्ट हाउस व अंदरूनी बस्तियों में अवैध नल कनेक्शन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अगले महीने से शुरू हो रहे त्योहारी सीजन को लेकर नियमित व अतिरिक्त जलापूर्ति के लिए विभाग को तैयारी करने के निर्देश दिए।