अजमेर दरगाह में कांग्रेस अध्यक्ष की चादर पेश।
- फोटो : अमर उजाला
देश-दुनिया में अमन और शांति का पैगाम देने वाली ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की चादर पेश की गई। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी मंगलवार को चादर लेकर दरगाह पहुंचे। प्रतापगढ़ी ने गरीब नवाज की पाक बारगाह में खरगे की चादर और अकीदत के फूल पेश कर देश में अमन चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
चादर पेश करने के बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से भेजे गए संदेश को बुलंद दरवाजे पर पढ़कर सुनाया। जिसमें उन्होंने सभी को उर्स की मुबारकबाद देते हुए देश में अमन चैन, भाईचारे और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर पुष्कर से कांग्रेस की पूर्व विधायक नसीम अख्तर इंसाफ, कांग्रेस नेता हाजी इंसाफ अली, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी एस एम अकबर, आसिफ कुरैशी सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।