एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले जुनैद और नासिर हत्याकांड के मामले में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने राजस्थान और हरियाणा सरकार पर हमला बोला है। औवैसी ने कहा कि दोनों राज्यों की सरकार इस घटना पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वे गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे हैं? आरोपी के सोशल मीडिया पर बड़ी हस्तियों के साथ तस्वीरें हैं। केस दर्ज होने के बाद भी अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की, इस कारण उन लड़कों की जान चली गई।
शनिवार को सीकर आए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने और आतंकवाद को बढ़ावा देने का अधिकार नहीं है। अगर हम तय करेंगे कि किसे सजा मिलनी चाहिए, तो अदालत और पुलिस क्यों है। सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है, क्योंकि यह वोट बैंक की राजनीति है।
क्या है मामला?
मृतक जुनैद और नासिर भरतपुर के पहाड़ी थाना इलाके के रहने वाले थे। जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने बुधवार को गोपालगढ़ थाने में दोनों के अपहरण और मारपीट का केस दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में उसने पुलिस को बताया कि जुनैद और नासिर मंगलवार को भोरूबास सीकरी गांव गए थे। यहां उनके भाई का ससुराल है। दोनों बुधवार सुबह घर लौट रहे थे, इस दौरान हरियाणा पुलिस की विशेष टीम और बजरंग दल के लोगों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने उनका नाम पूछा और मारपीट करने लगे, इसके बाद दोनों ने गाड़ी भगा ली, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। जहां से उन्हें हरियाणा ले जाया गया। अगले दिन लोहारु इलाके में बोलेरो गाड़ी में दोनों की जली हुई लाश मिली। हालांकि, हरियाणा पुलिस और बजरंग दल दोनों ने ही इस मामले को झूठा बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।