वेदिका शर्मा ने ब्राजील डेफ ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर की बेटी ने ब्राजील में नाम रोशन किया है। वेदिका शर्मा ने ब्राजील के कैक्सियास डो सुल में चल रहे 24वें मूक-बधिर ओलंपिक की महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। भारत के इन खेलों में अब चार पदक हो गए हैं, जिससे तालिका में वह आठवें स्थान पर है।
स्पर्धा में यूक्रेन की इन्ना अफोंचेकों ने फाइनल में 236.3 अंक से स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीनी ताइपे की कायो या जु ने 232 के स्कोर से रजत पदक जीता। वेदिका ने स्पर्धा के चौथे दिन फाइनल्स में 207.2 का स्कोर बनाया।
निशानेबाजी में तीसरा पदक
वेदिका की जीत के साथ ही भारत ने निशानेबाजी में तीसरा पदक हासिल किया। इससे पहले तीसरे दिन धनुष श्रीकांत ने पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण और शौर्य सैनी ने कांस्य पदक जीतकर भारत को निशानेबाजी में दो पदक दिलाए थे।
बता दें कि 15 मई तक चलने वाली इस स्पर्धा में 80 देशों के लगभग 4 हजार एथलीट भाग ले रहे हैं। इस दौरान 18 खेलों के 215 इवेंट होंगे। वेदिका ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी मां भारती शर्मा को दिया है। डेफ ओलंपिक में जाने से पहले वेदिका ने 28 मार्च से 26 अप्रैल तक डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद में प्रशिक्षण लिया था। पूर्व में वेदिका ने 2017 में आयोजित राजस्थान स्टेट ऑपन चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल तथा 2021 में राजस्थान स्टेट चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।