राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की पुलिस ने सूरत से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर युवती की तस्वीरों की एडिट कर अश्लील बनाया और फिर वायरल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर अरनोद थाना पुलिस ने मामल की जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने अयोध्या के रहने वाले आरोपी शुभम शुक्ला पुत्र शिव बहादुर (28) को गुजरात के सूरत जिले से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अनिल कुमार ने बताया कि 12 अगस्त को पीड़ित ने कार्यालय आकर एक रिपोर्ट दी। जिसमें उसने बताया कि उसकी फेसबुक आईडी पर मोहित मिश्रा नाम का व्यक्ति उसका चेहरा एडिट कर अश्लील फोटो वायरल कर बदनाम कर रहा है। इस पर थाना अरनोद पर मुकदमा आईपीसी व आईटी एक्ट में दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाग चंद्र मीणा व सीओ ऋषिकेश मीणा एवं थानाधिकारी हनुवंत सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान कर सूरत से डिटेन किया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।