राजस्थान के अलवर में मॉब लिंचिंग की कोशिश का एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक युवक को लोगों ने गोकशी के आरोप में पकड़ लिया और उसे खंभे से बांधने के बाद जमकर पीटा। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, अलवर जिले के खैरथल क्षेत्र के गिरवास गांव के जंगल से तीन युवकों द्वारा गोवंश ले जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वहां ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ रखा था। उसे खंभे से बांधने के बाद पीटा गया था। पुलिस ने युवक के कब्जे से एक सांड छुड़वाया, जबकि उसके दोनों साथी फरार हो गए थे।
वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि इस घटना के दौरान किसी शख्स ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने लगाया यह आरोप
किशनगढ़बास थाने के सहायक उप निरीक्षक के मुताबिक, ग्रामीणों ने बताया कि नंगला मोजीया गांव के हंसार नाम के युवक को पकड़ा गया। उसके साथ अन्नू और दीनू भी थे, जो गोकशी के लिए गोवंश पकड़ने आए थे। बताया जा रहा है कि उनके कब्जे से एक सांड भी छुड़ाया गया। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए युवक ने गोकशी की बात कबूली है।
अलवर में पहले हुई थी मॉब लिंचिंग
गौरतलब है कि अलवर जिले में गोकशी के मामले में पहले भी मॉब लिंचिंग की घटना हो चुकी है। करीब तीन साल पहले एक अप्रैल 2017 को बहरोड में पहलू खान नाम के एक बुजुर्ग को गोकशी के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला गया था। यह मामला देशभर में सुर्खियों में छाया रहा था।