एसपी श्याम सिंह बोले- अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान।
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर पुलिस की इस ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई में 44 बदमाशों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार और अवैध शराब भी जब्त किए गए हैं। एसपी श्याम सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश पर जिले के समस्त सीओ और एसएचओ के नेतृत्व में कुल 31 टीमें गठित की गईं।
गठित टीमों द्वारा एक साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर साइबर ठगों, अवैध शराब , अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 44 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध 31 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
4 साइबर ठग, 9 वारंटी और स्थाई वारंटी भी गिरफ्तार
एसपी श्याम सिंह ने बताया कि अभियान के तहत थाना कैथवाडा में 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार कर एक क्रेटा कार, दो आईफोन, 3 मोबाइल और 4 फर्जी सिम बरामद की गई। थाना रुदावल में एक बदमाश को गिरफ्तार कर एक अवैध देशी कट्टा और पांच कारतूस जब्त किए गए है। इसी प्रकार थाना मथुरा गेट में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर धारदार चाकू बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में 9 वारंटी और स्थाई वारंटी, 2 मफरुरों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई में 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 1427 अवैध देसी शराब के पव्वे और 54 लीटर कच्ची शराब जप्त की गई। एक सटोरियों को गिरफ्तार कर 5200 रुपये जब्त किए गए।