राजस्थान के धौलपुर जिले में किसानों की करीब 300 बीघा फसल पानी में डूब गई। इससे खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेत पानी से लबालब नजर आ रहे हैं। बिना बरसात और बाढ़ के आखिर यह फसल कैसे बर्बाद हो गई आइए जानते हैं।
दरअसल, मामला जिले के बसेड़ी उपखंड का है। बीते दिनों जल संसाधन विभाग ने आंगई बाध से पार्वती नहर में पानी छोड़ा था। नहर का ज्यादातर हिस्सा कच्चे होने से सीपेज और सीलन के कारण किसानों की 300 बीघा में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल पानी में डूब गई। जलनिकासी के बेहतर साधन नहीं होने के कारण खेत पानी से लबालब भरे नजर आ रहे हैं।
इससे पहले समय पर बारिश नहीं होने के कारण किसानों को खरीफ की फसल भी काफी नुकसान हुआ था। रबी की फसल से उन्हें काफी उम्मीद थी, लेकिन इस सीजन में भी उकनी फसल बर्बाद हो गई। अब किसान जल संसाधन विभाग और सरकार से उनके नुकसान की भरपाई करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराए जाने की मांग भी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पार्वती नहर की दीवार कई जगह से टूट गई हैं। इससे अलावा नहर की पटरी पर बनी दीवारों में जोड़ वाली जगहों से भी सीपेज हो रहा है। इस कारण खेतों में पानी भर रहा है, जिससे किसानों की करीब 300 बीघा में खड़ी फसल खराब हो गई। अधिकारियों का कहना है कि किसानों की समस्या और उनके नुकसान को लेकर विभाग गंभीर है। आला अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।