भरतपुर के थाना रूपवास पुलिस ने दो ट्रकों से 21 गोवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने दोनों ट्रकों की केबिन से 36 लीटर कच्ची शराब और ट्रकों के पास खड़ी एक बाइक बरामद की है। साथ ही एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
भरतपुर एसपी श्याम सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की मरैथा के जंगल में पहाड़ के पास कुछ अज्ञात लोग ट्रकों में गायों को भर रहे हैं, जो उन्हें तस्करी कर उत्तर प्रदेश या हरियाणा में ले जाएंगे। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा और सीओ अजय शर्मा के सुपरविजन एवं थाना अधिकारी भोजाराम के नेतृत्व में थाना रूपवास से एक टीम गठित कर रवाना की गई।
मुखबिर की सूचना के अनुसार टीम मौके पर पहुंची, जहां दो ट्रकों में तीन-चार व्यक्ति गायों को भर रहे थे। पुलिस को आता देख गौ तस्कर भागने लगे। जिनमें से एक गौ तस्कर मोहर सिंह को टीम ने दबोच लिया। शेष गौ तस्कर अंधेरे में जंगल में भाग गए।
पुलिस ने यूपी नंबर की एक कंटेनर से 9 सांड़, 2 गाय और केबिन से 17 लीटर हथकड़ शराब बरामद की है। वहीं दूसरे 14 चक्का ट्रक से 10 सांड़ और केबिन से 19 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। पास ही खड़ी एक बाईक भी जब्त की गई। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने गौवंश को राजस्थान से उत्तरप्रदेश गौकशी के लिये ले जाना बताया। मुक्त कराई गई गौवंशों को गौशाला में सुपुर्द कर आईपीसी और आरबीए एक्ट में मुकदमा दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश की जा रही है।