राजस्थान के सीकर जिले में बदमाशों ने शराब दुकान पर दिनदहाड़े धावा बोल दिया। बदमाश दुकान के कर्मचारी से मारपीट कर 1.80 लाख रुपये लूट ले गए। इससे पहले कर्मचारी के साथ डंडे से बुरी तरह मारपीट की जिससे वह घायल हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लूट की वारदात जिले दादिया थाना इलाके में हुई है। गुरुवार को श्यामपुरा क्षेत्र के बाजार रोड पर स्थित एक शराब दुकान पर बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। डंडा लेकर आए दो बदमाशों ने पहले दुकान के कर्मचारी से मारपीट की और फिर गल्ले में रखे 1.80 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी में सबसे पहले एक बदमाश दुकान में घुसते हुए दिखाई दे रहा है। वह दुकान में मौजूद कर्मचारी को बातों में उलझाता है, इसी बीच डंडा लेकर आया दूसरा बदमाश कर्मचारी पर हमला कर देता है। कर्मचारी बचने के लिए इधर-उधर भागता है तो पहला बदमाश उसे पकड़ लेता और दूसरा उस पर डंडे की बरसात कर देता है।
कर्मचारी के घायल होने के बाद एक बदमाश गल्ले में रखे रुपये और स्कूटी की चाबी लेकर वहां से भाग जाता है। लूट की वारदात की जानकारी लगते ही पुलिस और ग्रामीण हरकत में आए और बदमाशों का पीछा कर उन्हें एक खेत में घेर लिया। बाद में उन्हें पकड़ कर पुलिस ने बदमाशों से लूटे हुए 1.80 लाख रुपये बरामद कर लिए। वहीं पुलिस ने आरोपियों को खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।