पंजाब के पठानकोट में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पठानकोट के डलहौजी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे रेलवे लाइन के पास संदिग्ध हालात में एक प्रवासी युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की लाश एक कुर्सी पर रखी हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिवार सदस्यों को शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया।
विज्ञापन
मृतक की पहचान प्रमोद कुमार के तौर पर हुई है जो मूल रूप से उड़ीसा का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई है।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी विजय कुमार ने बताया कि उक्त प्रमोद उनके फार्म हाउस में पहरेदारी का काम करता था। प्रमोद का पिता भी यहां रहता है। मृतक के पिता ने बताया कि बीती रात प्रमोद कुमार घर से सब्जी लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस रातभर वापस नहीं लौटा। विजय ने कहा कि प्रमोद की एक-दो दिन पहले उससे बातचीत भी हुई और उससे पूछा कि तुम नशा तो नहीं करते। मंगलवार को उसकी रेलवे लाइन के निकट कुर्सी पर पड़ी लाश मिली है।
नशेड़ियों और जुआरियों का तांता लगा रहता
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह प्रमोद की लाश मिली है वहां रोजाना बड़े स्तर पर नशेड़ियों और जुआरियों का तांता लगा रहता है। हो सकता है कि प्रमोद की किसी ने हत्या कर दी हो या फिर उसकी नशे से मौत हो गई हो। यह तो अब जांच का विषय है। लोगों ने कहा कि पुलिस को भी कई बार यहां पर होते गलत काम संबंधी जानकारी भी दे चुके हैं लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं होती।