बुर्जा फाटक के पास रहने वाली एक महिला को घर में अकेली पाकर वीरवार सुबह एक युवक ने गर्दन पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। हमलावर युवक महिला की वेशभूषा बनाकर आया था।
पड़ोसियों ने हमलावर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। हमला करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह मलोट के बुर्जा फाटक के पास रहने वाली महिला घर पर अकेली थी। उसका पति काम पर गया हुआ था। इतने में रविदास नगर निवासी सन्नी महिलाओं के कपड़े पहनकर उसके घर आया और गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
नीलम ने शोर मचाया तो पास ही रहने वाली उसकी जेठानी सुमन और अन्य लोग घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नीलम खून से लथपथ पड़ी थी और युवक भागने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने युवक को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। इस मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल महिला सिविल अस्पताल में दाखिल है। मामले की जांच कर रहे थानेदार हरविंदर सिंह रवि ने बताया कि फिलहाल इस मामले में रपट दर्ज की गई है। महिला अभी कुछ बोलने की हालत में नहीं है। महिला के बयान लेने के बाद ही हमले का कारण मालूम होगा और पुलिस आगे कार्रवाई करेगी।