पंजाब के कपूरथला के ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर बच्चे के साथ बैठी एक महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। मंदिर के बाहर बैठी महिला की एक शख्स ने चप्पल से पिटाई कर दी। महिला की गोद में बच्चा था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद केस दर्ज
वायरल वीडियो पर पुलिस और महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। महिला आयोग के हस्तक्षेप और पुलिस द्वारा सुओ-मोटो लेते हुए आरोपी व्यक्ति के खिलाफ थाना सिटी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के गेट के बाहर बैठी महिला के साथ व्यक्ति द्वारा चप्पलों से मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी पहले महिला को चप्पलों से पीटता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोगों द्वारा उसे रोकने और महिला को छुड़ाने के बावजूद आरोपी ने महिला पर पांव से भी हमला किया।