अमृतसर में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यहां एक स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती और उनकी चार साल की बेटी की मौत हुई है।
पंजाब के अमृतसर में सोमवार को दर्दनाक हादसे में बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अमृतसर के कस्बा अजनाला के गांव पुंगा में स्कूल बस के साथ एक बाइक टकरा गई। बाइक पर कुल चार लोग सवार थे। हादसे में चार साल की बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक दो साल की बच्ची सहित उसकी मां बच गई। हालांकि बच्ची की मां भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वहीं हादसे के तुरंत बाद आसपास एकत्रित हुए लोगों ने गुस्से में आकर बस की जमकर तोड़फोड़ की।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान गांव पुंगा निवासी हीरा मसीह उसकी पत्नी सत्ती कौर और चार साल की बेटी सीरत के तौर पर हुई। जबकि हीरा मसीह की मां सुनीता कौर बुरी तरह से जख्मी हो गई। हादसे के समय बस में स्कूल के बच्चे सवार थे। बस सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पीड़ित परिवार के सदस्य यूसफ ने बताया कि कुछ महीने पहले ही उसकी मंगनी हुई है। उसका भाई, मां, भाभी और भतीजी बाइक पर सवार होकर उसके ससुराल सावन का त्योहार देने जा रहे थे। अभी वे गांव पुंगा पहुंचे ही थे कि स्कूल बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनके भाई, भाभी और तीन साल की भतीजी की मौत हो गई है।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि श्री गुरु अंगद देव स्कूल की बस स्टूडेंट्स को छोड़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान उन्होंने बाइक पीबी46-एडी-6970 को पीछे से टक्कर मार दी। घटना में बाइक चलाने वाले व्यक्ति, उसकी पत्नी और बच्ची की मौत हुई है। फिलहाल आरोपी बस चालक फरार है, उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।