"कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी के बाद राज्य में पार्टी को सभी वर्गों से पहले के मुकाबले थोड़ा समर्थन मिलता हुआ दिख रहा है। पिछले छह महीनों में पांच हजार से ज्यादा सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए हैं, जो दर्शाता है की भाजपा के प्रति झुकाव तो बढ़ रहा है। लेकिन ये चुनाव में कितना फायदा देगा कहना बहुत ही मुश्किल है।"
पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी राज्य की सभी सीटों पर अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरने का मन बना चुकी है। हालांकि पार्टी को पंजाब विंग से जो रिपोर्ट मिल रही है, वह ज्यादा उत्साह बढ़ाने वाली नहीं है। लेकिन फिर भी पार्टी पहली बार अकेले ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने अमर उजाला को बताया कि पंजाब भाजपा से जो रिपोर्ट मिल रही है वह ज्यादा उत्साह बढ़ाने वाली नहीं है। लेकिन फिर भी पार्टी राज्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसे लेकर भाजपा की एक टीम ने पंजाब में चुनावी अभियान को लेकर राज्य का दौरा किया और चुनावी रणनीति बनाने पर चर्चा भी की है।
गुरुवार को 'नवां पंजाब भाजपा दे नाल' (नया पंजाब भाजपा के साथ) नारे से भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में चुनावी बिगुल बजा दिया है। भाजपा ने इस बात के भी संकेत दे दिए हैं कि किसान संगठनों के विरोध के बीच में सभी विधानसभा सीटों पर अकेले लड़ेगी। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री व पंजाब के चुनावी प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भाजपा नशा, माफिया और भ्रष्टाचार से मुक्त खुशहाल पंजाब बनाने के संकल्प के साथ चुनाव में उतरेगी।
प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच 1984 के दंगाइयों को सजा दिलवाना, श्रीकरतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण करना, काली सूची को खत्म करना, लंगर को जीएसटी से बाहर करना, श्री हरमंदिर साहिब को एफ़सीआरए देना, बठिंडा में एम्स, अमृतसर में आईआईएम, संगरूर और फ़िरोज़पुर में पीजीआई के सैटेलाइट सेंटर, दो नए एयरपोर्ट, टूरिज्म के नए सर्किट, इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े प्रोजेक्ट जैसे कई महत्वपूर्ण कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। इसके अलावा भाजपा चुनाव में पंजाब में ड्रग्स माफिया राज, भ्रष्टाचार, राज्य से उद्योगों का पलायन, कानून व्यवस्था की बिगड़ती हालत, बढ़ती बेरोजगारी, जर्जर होती अर्थव्यवस्था आदि मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।