पंजाब के मुक्तसर में प्रॉपर्टी डीलर एवं क्लोनाइजर यूनियन के सदस्य सोमवार को अलग अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के सदस्यों ने अपने कपड़े उताकर डीसी दफ्तर के गेट पर टांग दिए। उनके हाथ में भिक्षा पत्र था। अर्धनग्न अवस्था में प्रॉपर्टी डिलर्स ने सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पिछले दो वर्षों में तीन बार क्लेक्टर रेट बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर संघर्षरत प्रॉपर्टी डीलर व क्लोनाइजर यूनियन के सदस्य सोमवार को कोटकपूरा रोड से रोष प्रदर्शन करते हुए डीसी दफ्तर पहुंचे। प्रॉपर्टी डीलरों के हाथों में भिक्षा पत्र थे और डीसी दफ्तर के मुख्य गेट सामने पहुंचे जहां उन्होंने अर्धनग्न होकर अपने कपड़े डीसी दफ्तर के गेट पर टांग दिए और सरकार के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलरों ने जय श्रीराम नाम का जाप भी किया।
यूनियन अध्यक्ष अशोक चुघ व उपाध्यक्ष करमजीत करमा ने बताया कि उनकी मांगें पूरी न होने तक ये धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वे पिछले कई दिनों से संघर्ष कर रहे हैं, मगर सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही। संघर्ष के अगले एक्शन के तहत अब वे अपना रक्त निकलवाकर डीसी दफ्तर के परिसर में उड़ेलेंगे ताकि प्रशासन व सरकार को शर्मिंदगी का अहसास कराया जा सके। यही नहीं कल गिद्दड़बाहा पंचायती चुनाव दौरान घर-घर जाकर रोष प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ प्रचार किया जाएगा।
सोमवार को प्रॉपर्टी डीलर एवं क्लोनाइजर यूनियन के सदस्यों ने सुबह 11 से 12.30 बजे तक धरना दिया। उसके बाद प्रदर्शनकारी रोष प्रदर्शन करते हुए घास मंडी चौक से मस्जिद चौक होते हुए वापिस धरनास्थल पहुंचे। मौके पर पहुंचे डीआरओ संदीप कुमार ने प्रदर्शनकारियों को धरना समाप्त करने को कहा, मगर वे न माने और डीसी या एडीसी द्वारा विश्वास दिलाने की बात पर अड़े रहे, जिस पर एडीसी गुरप्रीत सिंह थिंद ने धरने पर आकर विश्वास दिलाया कि वे मांगें रिटन में लिखकर दें और कुछ दिनों में वे लोग मिल-बैठकर मसले का हल निकालेंगे। क्योंकि अभी प्रशासनिक अधिकारी पंचायती चुनाव में व्यस्त हैं। इसके बाद प्रदर्शनकारी धरने से उठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगें न माने से से उनके बच्चों का भविष्य खतरे में आ गया है और कारोबार ठप्प होकर रह गया है। उधर, धरने में देर शाम पहुंचे फिरोजपुर लोक सभा से सांसद शेर सिंह घुबाया ने भी प्रॉपर्टी डीलरों के संघर्ष का समर्थन करते हुए कहा कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के साथ सरकार द्वारा की जा रही नाइंसाफी का विरोध करते हैं तथा प्रॉपर्टी डीलरों के संघर्ष में उनके साथ हैं।
धरने में मोहकम सिंह, मिट्ठा सिंह, संदीप कुमार काला सोनी, राजीव झांब, गुरलाभ राय बत्रा, राजकुमार भटेजा मेलू, विजय कुमार, नरिंदर बांसल, रमिंदर सिंह बेरी, हरपाल सिंह बेदी, महिंदर पाल धवन, सतीश पठेला, सुनील पठेला, कुलबीर सिंह सोनू घड़ियांवाला, जगमीत सिंह, बलजीत सिंह बुध, विक्की बांसल, राजन चुघ, राजू पनसेजा समेत बड़ी गिनती में शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।