पटियाला के अनारदाना चौक में एक मशहूर मिठाई की दुकान में उस समय हंगामा हो गया, जब ग्राहक के पकौड़ों में से काकरोच निकल गया। इससे नाराज ग्राहक ने तुरंत काकरोच वाले पालक के पकौड़ों की वीडियो बनाकर वायरल कर दी। साथ ही ग्राहक ने सेहत विभाग से संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में ग्राहक की ओर से कहा जा रहा है कि दुकानदार की ओर से लोगों की सेहत के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। उसकी इस तरह की लापरवाही से काकरोच भी अब पकौड़ों के साथ तल कर आ रहे हैं। वीडियो में ग्राहक की बात सुनकर दुकान में पकौड़े खाकर अन्य ग्राहक भी अपना खाने-पीने का सामान वहीं छोड़कर जाते दिखाई दे रहे हैं।
उधर, इस संबंधी जिला सेहत अधिकारी डॉ. शैली जेतली का कहना है कि दुकान में पकौड़ों में मिले काकरोच की वीडियो उनके पास भी पहुंची है। इस संबंधी जल्द ही दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और वहां उपलब्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल भी भरे जाएंगे। अगर सैंपल फेल पाए गए, तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।