जल सप्लाई एवं सेनीटेशन मंत्री ने पटियाला में विभाग के मुख्यालय में बैठक करके कामों का लिया जायजा
विभाग में विभिन्न पदों के लिए 9 नौजवानों को सौंपे नियुक्ति पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब के जल सप्लाई और सेनिटेशन मंत्री ब्रहम शंकर जिम्पा ने बुधवार को पटियाला में विभाग के मुख्यालय में अधिकारियों के साथ मीटिंग करके विभिन्न स्कीमों की प्रगति का जायजा लिया। जिंपा ने कहा कि जल सप्लाई विभाग का सीधा संबंध लोगों के साथ है। इसलिए विकास के कामों में अनावश्यक देरी और लापरवाही को किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने काम को समय पर मुकम्मल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। मीटिंग में जल सप्लाई और सेनिटेशन विभाग के प्रमुख सचिव डीके तिवारी और विभाग प्रमुख मोहम्मद इशफाक भी मौजूद रहे। जिम्पा ने कहा कि किसी भी नए प्रोजेक्ट को तैयार करते समय पूरी पारदर्शिता और चौकसी बरतनी जाए, जिससे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े। मीटिंग के दौरान उन्होंने काम में और पारदर्शिता लाने के लिए स्टाफ से सुझाव भी लिए और काम में तेजी लाने के लिए फाइल वर्क को ई आफिस के द्वारा करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि हर हफ्ते किए गए काम की रिव्यू मीटिंग होगी।
जल सप्लाई मंत्री ने कहा कि विभाग की तरफ से पानी के सैंपल लेने के लिए चलाई जाने वाली ’पानी की जांच प्रयोगशाला’ का पूरा रोस्टर तैयार करके गांवों में जाकर पानी के सैंपल लिए जाएं, जिससे पानी से होने वाली बीमारियों से लोगों का बचाव किया जा सके।
इससे पहले जिम्पा ने जल सप्लाई विभाग में 5 क्लर्क, 1 जूनियर सहायक और 3 जूनियर टैक्निशियनों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के नौजवानों को अधिक से अधिक नौकरियां देने के लिए वचनबद्ध है। दावा किया कि अब तक राज्य के 30 हज़ार से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।