थाना सदर नाभा में एक हवालाती के अलावा अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला की जेलों में नशे व मोबाइलों की बरामदगी का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामले में नाभा की नई जिला जेल में पांच पैकेट मिले, जिन्हें खोलकर तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नशा बरामद किया गया है। इसके अलावा एक हवालाती से मोबाइल की बरामदगी भी हुई है। थाना सदर नाभा में जेल प्रशासन की शिकायत पर मामले में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
नाभा की नई जिला जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट राजविंदर सिंह की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक हवालाती गुरप्रीत सिंह निवासी अमलोह जिला फतेहगढ़ साहिब की जिस्मानी तलाशी लेने पर एक मोबाइल समेत बैटरी व बिना सिम कार्ड बरामद किया गया। इसका नोटिस लेते हुए जब जेल में चेकिंग अभियान चलाया गया, तो जेल की अंदरूनी दीवार के पास पांच पैकेट व एक बोतल बरामद की गई। पैकेटों को खोलकर चेक किया, तो इनमें से 40 जर्दे की पुड़ियां और बोतल में खुला जर्दा बरामद किया गया। पुलिस ने हवालाती गुरप्रीत सिंह व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है कि जब नाभा जेल में मोबाइल व नशे मिले हैं। पिछले कुछ समय से जेल में लगातार इनकी बरामदगी हो रही है, जो सरकार व जेल विभाग के दावों की पोल खोलती है। क्योंकि खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कुछ समय पहले इस जेल का दौरा करके जेल के सुरक्षा प्रबंधों को चाक-चौबंद करने का वादा किया था, ताकि बाहर से पैकेट फेंके जाने का सिलसिला बंद हो। लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।