शंभू बॉर्डर खोलने पर किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। इस बैठक में किसान जत्थेबंदियों के अलावा पंजाब एवं हरियाणा से पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में किसानों को शंभू बॉर्डर आंशिक रूप से खोलने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि बॉर्डर किसानों ने नहीं, बल्कि हरियाणा सरकार ने केंद्र की शह पर बंद कर रखा है। यह बैठक सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आयोजित की गई थी।
मामले में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि हरियाणा व पंजाब सरकार अपने स्तर पर किसानों से बैठक करे और समाधान निकालें। वहीं, किसानों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट जल्द से जल्द शंभू बॉर्डर को खुलवा दे, ताकि आम जनता व व्यापारियों को परेशान न होना पड़े।
अधिकारियों ने बैठक में किसानों से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक गठित की जाने वाली कमेटी में शामिल किए जाने वाले सदस्यों के बारे में राय मांगी। जवाब में किसान नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि कमेटी मामले को लटकाने की कोशिश है। उचित होगा कि मांगों को हल करने के लिए केंद्र सरकार सीधे किसानों से संवाद करे। इसके लिए किसान जत्थेबंदियां तैयार हैं।
बैठक में किसानों की ओर से सरवण सिंह पंधेर, सुरजीत सिंह आदि किसान नेता मौजूद थे। वहीं, पंजाब की ओर से पटियाला के डीआईजी हरचरन सिंह भुल्लर व एसपी डॉ. नानक सिंह मौजूद थे।