पटियाला। युवक भलाई विभाग की ओर से मंगलकामना प्रोग्राम के तहत सुचेतक रंगमंच की पेशकश जलियांवाला बाग के साके को समर्पित नाटक ‘चल अमृतसर लंदन चलिए’का मंचन किया गया। इसमें उन दस्तावेजी तथ्यों को नाटकीयता सहित पेश किया गया, जिनको शहीद ऊधम सिंह को फांसी की सजा सुनाए जाने के समय 100 वर्षों तक सार्वजनिक न करने का आदेश दिया गया था।
इन दस्तावेजों को भारत की आजादी के कुछ वर्षों बाद इंडियन वर्कर्स एसोसिएशन (ग्रेट ब्रिटेन) और शहीद ऊधम सिंह वेलफेयर ट्रस्ट ने जारी कराने में सफलता हासिल की थी। नाटक की निर्देशिका अनीता शबदीश ने शहीद ऊधम सिंह के जीवन के कईं अंधेरे कोने बहुत ही कलात्मक ढंग से सामने लाए। इन गहन सच्चाइयों को कला भवन के थियेटर हाल में बैठे दर्शकों ने बड़ी आसानी के साथ महसूस किया। इस नाटक में मनदीप मनी, हरजाप सिंह, सहर, अर्श संधू, सागर शर्मा, अनिकेत, अनुराग, आंसुल, सागर बस्सी व तेजिंदर ने विभिन्न भूमिकाएं अदा कीं। प्रोग्राम की शुरुआत में युवक भलाई विभाग के इंचार्ज डॉ. गगन थापा ने मुख्य मेहमान वीसी प्रोफेसर अरविंद का स्वागत किया। मंच का संचालन डॉ. हरिंदर कौर हुंदल ने किया।