पटियाला। नाभा की नई जिला जेल से मोबाइलों की बरामदगी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इस कड़ी में जेल में चलाए तलाशी अभियान के दौरान दो मोबाइल समेत सिम कार्ड व डाटा केबल के बरामद किए गए। इस मामले में जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सदर नाभा पुलिस ने तीन हवालातियों को नामजद करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नाभा की नई जिला जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट आकाशदीप ने पुलिस के पास शिकायत की थी कि जेल में ब्लाक नंबर चार की चक्की नंबर 12 की तलाशी करने पर एक बोरी से एक मोबाइल समेत डाटा केबल बरामद की गई है।
इस मोबाइल का बैक कवर टूटा था। इसी तरह से जेल की चक्की नंबर चार में बंद हवालाती सुखराज सिंह निवासी मध्यप्रदेश, हवालाती मनप्रीत सिंह निवासी गांव बूटर कलां जिला मोगा के बिस्तरे की तलाशी लेने पर एक सिम कार्ड बरामद किया गया। इसके अलावा जेल के वार्ड नंबर चार की बैरक नंबर एक में बंद हवालाती मनहरमनजीत सिंह निवासी गांव खेड़ा जिला फतेहगढ़ साहिब के बिस्तर की तलाशी लेने पर एक मोबाइल बिना सिम कार्ड समेत बैटरी व एक डाटा केबल बरामद की गई। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने तीनों हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इस दौरान पता लगाया जाएगा कि हवालातियों के पास मोबाइल कहां से आए और क्या इस मामले में किसी जेल मुलाजिम की मिलीभुगत है या नहीं।