पटियाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पंजाब की 600 किलोमीटर की सीमा पाकिस्तान साथ लगती है और पड़ोसी देश की नीयत अच्छी नहीं है। इन हालातों में पंजाब को एक कमजोर या उधारी वाली सरकार नहीं, बल्कि भाजपा गठबंधन जैसी डबल इंजन सरकार चाहिए।
यह सरकार लोगों को भय, ड्रग, माफिया मुक्त और विकास युक्त शासन दे सकती है। नड्डा ने कहा कि इस समय पंजाब में ड्रग व रेत माफिया पैर जमा चुके हैं। पंजाब को इनके चंगुल से बचाना जरूरी है। जेपी नड्डा पटियाला के राजपुरा में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान रोहतक के सांसद एवं भाजपा के पटियाला प्रभारी डॉ. अरविंद शर्मा के प्रयासों से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सुरजीत सिंह गढ़ी भाजपा में शामिल हो गए।
नड्डा ने कहा कि आज तक किसी भी सरकार ने पंजाब के सिखों, किसानों के लिए कुछ नहीं किया है। मोदी सरकार ने फॉरन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट मंजूर कराया, जिसके जरिये विदेशों में बैठे लोग अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के लिए आर्थिक सहायता भेज सकते हैं। इसके अलावा गुरुद्वारों में लंगर के सामान को जीएसटी मुक्त किया और सबसे महत्वपूर्ण पाकिस्तान में सिखों के धार्मिक स्थल श्री ननकाना साहिब के लिए कॉरिडोर बनवाया है।
दिल्ली दंगे कराने वाले अब वोट मांगने आ रहे हैं
जय प्रकाश नड्डा ने कहा कि 1984 में दिल्ली में सिख दंगे हुए। कांग्रेस पार्टी के नेता तब कहते थे कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है। अब दिल्ली दंगे करवाने वाले यही लोग आपके सामने वोट मांगने आ रहे हैं। इसलिए अब वोटरों को चाहिए कि इनको हिलाएं। मतदाता ऐसी पार्टी के नेताओं को मुंह न लगाएं।