फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पटियाला में कबड्डी क्लब प्रधान का कत्ल: धरमिंदर सिंह ने विस चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए किया था प्रचार, फिटनेस के लिए था जुनूनी

Wed, 06 Apr 2022 10:12 PM IST
पंजाब ब्‍यूरो रिंपी गुप्ता, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)

सार

पटियाला में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। एक अप्रैल को पासी रोड स्थित ग्रीन कालोनी के रहने वाले एक युवक का उसी की पत्नी के प्रेमी ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से कत्ल कर दिया था।
विज्ञापन
धरमिंदर सिंह। - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी के नजदीक मंगलवार देर रात गांव दौणकलां के कबड्डी क्लब प्रधान धरमिंदर सिंह के कत्ल केस में राजनीतिक एंगल सामने आया है। हालांकि पुलिस हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश बता रही है। फरवरी 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले मृतक धरमिंदर सिंह शिरोमणि अकाली दल (बादल) के साथ जुड़ा था। उसके बाद चुनाव के वक्त उसने जिले के घन्नौर विधानसभा हलके से आम आदमी पार्टी के गुरलाल घन्नौर के लिए प्रचार किया था। 

विज्ञापन


घन्नौर हलके से आप के मौजूदा विधायक गुरलाल अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं और बताया जा रहा है कि दोनों साथ में कबड्डी भी खेलते रहे हैं। धरमिंदर सिंह पिछले करीब आठ वर्ष से अपने गांव दौणकलां में कबड्डी के खेल को प्रमोट करने में जुटा था। वह नौजवानों को प्रोत्साहित करके अक्सर अपने गांव में कबड्डी टूर्नामेंट कराता रहता था। 32 साल का धरमिंदर सिंह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। एक बड़े जमींदार परिवार से संबंध रखने कारण उसके पास काफी जमीन थी। फिटनेस को लेकर वह काफी जुनूनी था। नियमित रूप से जिम जाता था। अमर उजाला ने जब घन्नौर के आप विधायक गुरलाल घन्नौर से बात करने को फोन किया, तो उधर से कुलवंत सिंह नाम के व्यक्ति ने कॉल उठाई और कहा कि विधायक साहब अभी एसएसपी के साथ मीटिंग कर रहे हैं। थोड़ी देर बाद बात हो पाएगी।

कत्ल पर सिद्धू गरम, कहा-सीएम मान दें इस्तीफा 

इस कत्ल केस को लेकर पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने तीखे तेवर अपनाते हुए एक बार फिर से पंजाब सरकार पर हमला बोला है। सिद्धू ने कहा है कि पंजाब में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल की ठंडी हवाओं में घूमने का लुत्फ ले रहे हैं। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में रोजाना तीन से चार हत्याएं हो रही हैं। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। ऐसे में सीएम मान को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इससे पहले हाल में जब पटियाला के कस्बा सन्नौर में एक कांग्रेसी कार्यकर्ता पर कुछ लोगों ने रॉड और तलवारों के साथ जानलेवा हमला करके उसे घायल किया था। उस मामले में सिद्धू ने सीधे अपने ट्विटर हैंडल पर इस हमले की एक वीडियो शेयर करते हुए इस पोस्ट में सीएम मान व अरविंद केजरीवाल को टैग किया था। सिद्धू ने मान और केजरीवाल से पंजाब की कानून व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की थी। 

वहीं पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी इस मामले में चिंता जताते हुए कहा है कि पंजाब में अपराध बढ़ रहा है। पंजाब सरकार को चाहिए कि पुलिस विभाग को ड्यूटी के लिए खुला छोड़ दे। जिससे अपराधियों पर नकेल कसी जा सके। सांसद परनीत कौर ने ट्वीट करते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते मामले में जल्द गंभीर एक्शन की मांग की है। इसके साथ ही मृतकों के परिवार वालों के लिए संवेदना व्यक्त की।
विज्ञापन

मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग शामिल नहीं

डीएसपी मोहित अग्रवाल ने अमर उजाला से बात करते हुए साफ शब्दों में कहा कि यह हत्याकांड पुरानी रंजिश का नतीजा है। इसमें लॉरेंस बिश्नोई या किसी अन्य गैंग की कोई संलिप्तता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में होंगे।

पटियाला में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से पुलिस पर लगे सवालिया निशान

पटियाला में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। एक अप्रैल को पासी रोड स्थित ग्रीन कालोनी के रहने वाले एक युवक का उसी की पत्नी के प्रेमी ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से कत्ल कर दिया था। इससे पहले 29 मार्च को थाना जुल्कां के अधीन पड़ते इलाके में कांग्रेसी कार्यकर्ता पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला करके घायल कर दिया था। अभी यह मामले लोग भूले नहीं थे कि मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक शहर में दो हत्याकांड हो गए।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें