पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर ने एक बार फिर पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ हमला बोला और सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी हाईकमान ने उन्हें जिम्मेदारी दी है तो वह इसे अच्छी तरह निभाएं और फील्ड में जाकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करें।
वह सोमवार को स्थानीय सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंची थीं। परनीत ने कहा कि अब समय गुटबाजी का नहीं है, बल्कि पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का है। इस मौके पर उन्होंने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसते हुए सरकार के विकास कार्यों व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का निर्देश दिया।
परनीत ने करनाल में रोष प्रदर्शन कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि अब बिना देरी तीनों कृषि कानूनों को तुरंत रद्द किया जाए, ताकि दिल्ली की सीमाओं पर हर मौसम का सामना कर धरने पर बैठे किसान अपने घरों को लौट सकें।
सरकार ने हर वर्ग से किया वादा पूरा किया
परनीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग से किया वादा पूरा किया है। परनीत कौर ने कहा कि ब्राह्मण समाज की ओर से लंबे समय से मांग की जा रही थी कि ब्राह्मण भलाई बोर्ड का गठन किया जाए, जिसे सरकार ने पूरा किया है और भविष्य में भी ब्राह्मण समाज की बेहतरी के लिए हमेशा प्रयास किए जाएंगे।
पटियाला बेशक सारे समुदायों का एक साझा गुलदस्ता है लेकिन ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने हमेशा उनके परिवार के साथ एक परिवार की तरह साथ दिया है। इस मौके पर परनीत कौर ने दावा किया कि नोटबंदी, जीएसटी और कोरोना के बावजूद कैप्टन सरकार ने प्रदेश का सर्वपक्षीय विकास कराया। प्रदेश की खराब आर्थिक हालत के बावजूद विकास के कार्यों को रुकने नहीं दिया। बिना किसी भेदभाव के विकास किया। परनीत ने इस मौके पर पंजाब वासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई भी दी।