दो हवालातियों के खिलाफ थाना त्रिपड़ी में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला की सेंट्रल जेल में बड़ी चालाकी के साथ रोटियों के बीच छिपाकर भेजे सिम व बैटरी समेत एक मोबाइल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना त्रिपड़ी पुलिस ने मामले में दो हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान हवालाती सुखविंदर सिंह निवासी गांव चौहठ जिला पटियाला व हवालाती अमृतपाल सिंह निवासी गांव कोहाड़ जिला गुरदासपुर के तौर पर हुई है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट बाल कृष्ण की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक रात करीब साढ़े 9 बजे जेल अस्पताल के वार्ड नंबर 1 में बंद हवालाती सुखविंदर सिंह ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी सलिंदर कुमार को वार्ड नंबर दो में बंद हवालाती अमृतपाल सिंह को रोटियां पकडाने के लिए कहा। जब कर्मचारी रोटियां लेकर हवालाती को देने जा रहा था, तो उसे शक हुआ और चेक करने पर रोटियों के बीच एक मोबाइल था, जो बैटरी व सिम कार्ड के साथ था। जेल मुलाजिम ने इसे तुरंत कब्जे में ले लिया। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामले में दोनों हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।