इसके तहत छह फरवरी को लुधियाना में चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम फेस घोषित किया गया। इसके अगले दिन सोमवार शाम को चन्नी पटियाला पहुंचे। समाना हलके समेत पटियाला शहर में भी रैली की। इन रैलियों में जहां चन्नी ने कैप्टन के आरोपों का जवाब दिया, वहीं खुद को गरीब और आम जनता का बेटा बताया।
जिला कांग्रेस कमेटी पटियाला शहरी प्रधान नरिंदर पाल लाली ने बताया कि सीएम चन्नी जिले में और भी कई रैलियां करेंगे। इस बार किसी भी तरह से कैप्टन को जीतने नहीं दिया जाएगा।
उधर, सुखबीर सिंह बादल भी जिले के विभिन्न हलकों में रैलियां कर वोटरों को कैप्टन के खिलाफ लामबंद कर रहे हैं। सुखबीर लगातार कैप्टन के अपने ही जिले से नदारद रहने और विकास न कराने के आरोप लगाते लोगों से सवाल पूछ रहे हैं कि क्या कैप्टन की किस्मत अच्छी है या फिर लोगों को ही काम न करने वाले प्रत्याशी पसंद हैं।
आप के भगवंत मान ने भी जिले में लगातार सक्रियता बढ़ा रखी है। राजपुरा से लेकर पटियाला देहात व शहर समेत तकरीबन हर हलके में वह जाकर रैलियां कर रहे हैं। आने वाले दिनों में सभी प्रमुख पार्टियां जिले में अपनी सक्रियता और बढ़ाने की तैयारी में हैं।
कैप्टन भी विरोधियों को नहीं देना चाहते हैं कोई मौका
उधर, कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने विरोधियों को कोई मौका देने के मूड में नहीं लगते हैं। शायद यही वजह है कि जहां नामांकन के दिन उन्होंने पूरा पंजाब देखने की बात कहते हुए प्रचार के लिए पटियाला में कम आने की बात मीडिया सामने कही थी, वहीं विरोधियों के कड़े तेवरों को देखते हुए अब जिले में सक्रिय हो गए हैं।