पटियाला। पटियाला में जन्मे-पले गुरदीप सिंह गैरी ऑस्ट्रेलिया के शहर पर्थ में म्युनिसिपल काउंसिलर के चुनाव में जीत हासिल करके काउंसिलर बन गया है। गौरतलब है कि शहर के प्रताप नगर इलाके के रहने वाले गैरी साल 2005 से ऑस्ट्रेलिया में हैं।
गैरी के बड़े भाई व अध्यापक नेता परमजीत सिंह ने बताया कि गैरी ने साल 2012 में नगर निगम में सेफ्टी व सुरक्षा सर्विस में एडमिन अफसर के तौर पर काम शुरू किया था। वे साल 2014 व 2017 में इंप्लाई आफ द मंथ का पुरस्कार जीत चुके हैं। पटियाला के सिविल लाइन स्कूल में प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने खालसा कालेज से बीएससी (कंप्यूटर) किया। फिर रिमिट मंडी गोबिंदगढ़ में एमसीए करने के बाद वह अच्छे भविष्य की तलाश में ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। जहां उसने सख्त मेहनत करते हुए अपना भविष्य संवारा और माता-पिता व पटियाला का नाम भी रोशन किया। गैरी शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थे। उन्होंने विदेश जाने से पहले कुछ समय इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर में नौकरी भी की।
गैरी की इस सफलता पर उनके पिता बलविंदर सिंह भी काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है और साथ ही वह इस सफलता के लिए वाहेगुरु का शुकराना करते हैं।