पटियाला। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को पटियाला में बड़ी संख्या में किसानों ने इकट्ठा होकर केंद्र सरकार का पुतला फूंककर धरना-प्रदर्शन किया। स्थानीय मिनी सचिवालय के नजदीक पार्क में इकट्ठा हुए किसानों ने इस मौके पर केंद्र से लखीमपुर खीरी घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और किसानी आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने की मांग की।
इस मौके पर किसान नेताओं गुरमेल सिंह, लखविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने लखीमपुर खीरी घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। दिल्ली के बार्डर पर चल रहे आंदोलन के दौरान जिन किसानों के खिलाफ परचे दर्ज हुए, उन्हें भी अब तक वापस नहीं लिया गया है। किसानी आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों के परिवारों को पंजाब की तर्ज पर हरियाणा व यूपी में भी मुआवजा देने की मांग की गई।
इसके साथ ही कहा कि पिछले दिनों पड़ी बारिश से गेहूं की फसलों समेत सब्जियों की खेती का काफी नुकसान हुआ है, इसका वाजिब मुआवजा भी पीड़ित किसानों को दिया जाए। इसके अलावा स्कूलों को खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसान नेताओं ने कहा कि स्कूलों के बंद रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई का काफी नुकसान हो रहा है। इससे शिक्षा के निजीकरण को भी बढ़ावा मिलता है, इसलिए सरकार जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाए।