पटियाला। पंजाब में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में गेहूं की फसलों में बिजली की तारों में स्पार्किंग से आग लगने की घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं। लेकिन इस बार ऐसा न हो सके, इसके लिए पावरकॉम ने किसानों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।
इसके तहत किसानों को कहा गया है कि वह ट्रांसफार्मर के आसपास की एक मरला गेहूं पहले ही काट लें। खेत में लगे ट्रांसफार्मर के आसपास के 10 मीटर के घेरे को गीला किया जाए। अगर बिजली की तारों में स्पार्किंग से कोई चिंगारी भी गिर जाए, तो उससे आग लगने से बचाव हो सके। पावरकॉम ने रात के समय किसानों को कंबाइनों का इस्तेमाल न करने की भी अपील की है। पावरकॉम ने किसानों को कंबाइन केवल दिन के समय चलाने और उसे बिजली के खंभों और तारों से दूर रखने को भी कहा है।
साथ ही बताया है कि अगर पंजाब में कहीं भी बिजली की तारें ढीली होकर नीचे लटक रही हैं या बिजली की तारों या लाइनों में स्पार्किंग हो रही हो, तो तुरंत इसकी सूचना संबंधित खपतकार नजदीक के उपमंडल दफ्तर/शिकायत घर के साथ-साथ कंट्रोल रूम नंबरों 96461-06835/96461-06836 पर दें। हेल्पलाइन वाट्सएप नंबर 96461-06835 भी जारी किया गया। कहा कि इस नंबर पर बिजली की ढीली या नीचे लटक रही तारों या आग लगने/बिजली की तारों में स्पार्किंग की तस्वीरों लोकेशन समेत डालकर भेजी जाए। इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए मरम्मत का काम कराया जाएगा।