जिला पुलिस ने लूटपाट करने वाले दो गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए नौ सदस्यों को काबू किया है, जबकि एक फरार है। पुलिस ने इनसे हथियार और लूट की एक लाख बीस हजार रुपये की नकदी व एक मोटरसाइकिल बरामद किया है।
पटियाला रेंज के डीआईजी बलकार सिंह सिद्धू ने बताया कि सीआईए स्टाफ बहादरसिंहवाला की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लौंगोवाल पिंडी केहर सिंह के रास्ते पर नहरी विभाग की बेआबाद कोठी में कुछ लोग हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस पर पुलिस ने छापामारी करके गुरवीर सिंह निवासी मानसा, मनिंदरजीत सिंह निवासी भम्मे कलां (मानसा), गुरमीत सिंह निवासी झंडा कलां (मानसा) और बुद्ध सिंह निवासी पंजगराइयां को काबू करके इनसे नाजायज असलहा तीन पिस्तौल 315 बोर, तीन कारतूस और एक पिस्तौल 32 बोर, पांच कारतूस बरामद किए हैं। इनका एक साथी मनप्रीत सिंह निवासी शेरों फरार है।
डीआईजी सिद्धू ने बताया कि इसी तरह लहरा पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने पर बेआबाद कालोनी सांप रोड लहरा में लूटपाट की योजना बना रहे प्रितपाल सिंह कालू, बहादर सिंह, लखविंदर सिंह, सोनी सिंह (सभी निवासी खंडेबाद), गुरप्रीत सिंह निवासी सींहा दोद लुधियाना को काबू करके इनसे तीन पिस्तौल 315 बोर, छह कारतूस, एक पिस्तौल 12 बोर, तीन कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इनसे लूट की 1 लाख 20 हजार रुपये की रकम तथा लूट की वारदात में इस्तेमाल किया एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।