विवाहिता के हाथों में रची शगुन की मेंहदी अभी पूरी तरह फीकी भी नहीं पड़ी
थी दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर उसके पति ने गला दबाकर उसकी
हत्या कर दी।
घटना हलका बल्लूआना के गांव सरदारपुरा की है। थाना
सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाहिता का शव कब्जे में लेकर सरकारी
अस्पताल पहुंचाया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी
है।
मृतका गुरमीत कौर के पिता बलजीत सिंह निवासी श्रीगंगानगर ने
पुलिस को बताया कि छह माह पूर्व उन्हाेंने बेटी की शादी गांव सरदारपुरा
निवासी राम सिंह से की थी। शादी के बाद से ही राम सिंह दहेज में मोटरसाइकिल
की मांग को गुरमीत से मारपीट कर रहा था। बलजीत सिंह ने बताया कि रविवार
शाम 5 बजे गुरमीत कौर ने अपने भाई बलेदव सिंह को फोन कर बताया कि उसके पति
ने उसे बुरी तरह से पीटा तथा जान से मारने की धमकियां दे रहा है। वे तुरंत
आकर उसे ले जाएं।
बलेदव सिंह व उसका चाचा कुलदीप सिंह सरदारपुरा
पहुंचें लेकिन तब तक गुरमीत कौर की मौत हो चुकी थी। उसका पति राम सिंह बेटी
के गले में फंदा डालकर इस घटना को आत्महत्या में बदलने का प्रयास कर रहा
था। उन्होंने इसकी सूचना थाना सदर पुलिस को दी। एसआई भोला सिंह पुलिस सहित
मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया
और राम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।