ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार पिता-पुत्री घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़ फरार हो गया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया। पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक दिनेशपुर निवासी कमल किशोर परिवार के साथ गांधी कालोनी में किराए में रहता है। सोमवार की सुबह वह स्कूटर नंबर यूपी 02 बी 2872 से अपनी पुत्री गीतांजलि के साथ दिनेशपुर जा रहा था।
जैसे ही वह काशीपुर रोड पर पहुंचे तो अनियंत्रित तेज गति से आ रहे ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता-पुत्री घायल हो गए। स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ फरार हो गया। यह देख आसपास के लोगों ने घायल पिता-पुत्री को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया। बाद में पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।