पावरकाम के एडिशनल सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर अनिल वर्मा की फाइल फोटो
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड के एडिशनल सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर (एएसई) अनिल वर्मा की मंगलवार देर शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रेलवे पुलिस के मुताबिक रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन के नीचे आने से उनकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने इस मामले में 174 की कार्रवाई करके लाश को वारिसों के हवाले कर दिया है। अनिल वर्मा पावरकॉम में पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट का काम भी देखते थे।
रेलवे पुलिस के एएसआई धर्म सिंह ने बताया कि नाभा रोड पर बलोजम एंक्लेव के रहने वाले अनिल वर्मा (56) मंगलवार शाम भी करीब साढ़े छह बजे रोजाना की तरह सैर पर गए थे। जब काफी देर तक वह घर न पहुंचे, तो पत्नी व बेटी ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। इसी बीच रेलवे पुलिस ने जानकारी दी कि एक लाश 24 नंबर फाटक के आगे भाखड़ा नहर की तरफ जाते हुए रेलवे ट्रैक से मिली है। परिवार वालों ने लाश की शिनाख्त अनिल वर्मा के तौर पर कर ली।
रेलवे पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे जब बारिश शुरू हुई, तो अनिल वर्मा ने घर जाने के लिए तेजी के साथ रेलवे ट्रैक पार करना चाहा। इस जल्दबाजी में उन्होंने ट्रेन आते नहीं देखी और इसके नीचे आकर मौत हो गई। अनिल वर्मा अप्रैल 2018 में रिटायर होने वाले थे। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी (22) पंजाबी यूनिवर्सिटी में पढ़ती है।