नलास रोड पर रिहायसी इलाके में चल रही प्लास्टिक फैक्टरी में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए राजपुरा, पटियाला, मोहाली, गोबिंदगढ़, खन्ना व डेराबस्सी की फायर ब्रिगेड गाड़ियां बुलाई गईं।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लाखों के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
राजपुरा निवासी विपिन मिगनाली की नलास रोड पर यूनिवर्सल प्लास्टिक फैक्टरी है। बुधवार की सुबह करीब साढे़ दस बजे फैक्टरी में मुलाजिम काम कर रहे थे। इसी बीच फैक्टरी में आग लग गई।
आग लगी देखकर मुलाजिम फैक्टरी से बाहर आ गए। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। घटना की सूचना पाकर राजपुरा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में लग गईं।
आग का भयावह रूप देखकर पटियाला, मोहाली, गोबिंदगढ़, खन्ना व डेराबस्सी से भी फायर ब्रिगेड गाड़ियां बुला ली गईं। करीब तीन घंटे बाद फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।
फैक्टरी मालिक विपन मिगलानी ने बताया कि आग लगने का कारण हमें मालूम नहीं उन्होंने बताया कि आग में हुए नुकसान की बात सामान देखने के बाद पता चलेगी। उन्होंने लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही है।
एसडीएम राजपुरा जेके जैन नियमों के खिलाफ रिहायशी एरिया के पास फैक्टरी चल रही थी। इससे बड़ा हादसा होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। एसडीएम ने बताया फैक्टरी के नजदीक खेतों में नाड़ को भी आग लगी थी। जांच की जाएगी कि नाड़ के जलने के कारण तो फैक्टरी में आग लगी है।
रिहायशी इलाके में फैक्टरी लगाने की एनओसी भी नहीं ली गई है। साथ ही फैक्टरी में आग बुझाने के अपकरण भी नहीं थे। फैक्टरी मालिका के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्यवाई की जाएगी।