हादसे के बाद गांव वालों ने लगाया जाम।
- फोटो : अमर उजाला
नाभा में शुक्रवार की सुबह धुंध के चलते टवेरा और पीआरटीसी बस ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान नरिंदर सिंह (28) के रूप में हुई है।
वहीं घायलों के नाम गुरप्रीत सिंह (26) और हरकेश कुमार (27) है। कोतवाली नाभा पुलिस ने टवेरा व पीआरटीसी बस के अज्ञात चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार हैं।
नाभा थाने के एएसआई जसबीर सिंह ने बताया कि गांव मंडोड निवासी नरिंदर सिंह मोटरसाइकिल से अपने दो दोस्तों गुरप्रीत सिंह और हरकेश कुमार के साथ काम पर जा रहा था। नरिंदर राज मिस्त्री था, जबकि उसके दोस्त मजदूरी का काम करते थे। नाभा के ग्रिड चौक में एक टवेरा बिना इंडीकेटर दाईं तरफ मुड़ी। इस कारण मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। इसी बीच पीछे से आ रही पीआरटीसी बस ने भी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में नरिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नाभा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरप्रीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ और हरकेश कुमार को पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
हादसे से गुस्साएं नरिंदर सिंह के परिवार वालों और गांव वालों ने ग्रिड चौक में जाम लगाकर धरना देना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि न तो एंबुलेंस और न ही पुलिस मौके पर पहुंची। नरिंदर सिंह के गांव वालों ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों व गांव वालों को शांत कराकर धरने से उठाया।