लिव इन में रहने वाली महिला के सिर में ईंट मारकर कत्ल
इधर पटियाला के समाना के वडैचां पती मोहल्ले में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही एक 35 साल की महिला की उसके साथ रहने वाले व्यक्ति हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सिर में ईंट से कई वार कर कत्ल कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब के नशे में था और मामूली झगड़े के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की पहचान निशा के तौर पर हुई है। थाना सिटी समाना के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरवीर सिंह ने बताया कि पड़ोसी पवन कुमार के बयान के आधार पर आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
पड़ोसियों को बताया था पति-पत्नी
पुलिस के मुताबिक आरोपी अशोक कुमार व निशा दोनों करीब पांच दिन पहले ही समाना के वडैचां पती इलाके में किराये पर रहने के लिए आए थे। दोनों ने पड़ोसियों के सामने खुद को पति-पत्नी बताया था। अशोक कुमार शराब पीने का आदी था और अक्सर इस बात पर दोनों में लड़ाई होती थी। सोमवार रात को भी दोनों में लड़ाई हुई। इसके बाद अशोक ने नशे की हालत में निशा के सिर में ईंट मार-मार कर उसका कत्ल कर दिया। आरोपी अशोक कुमार हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है जबकि निशा गुजरात की है। दोनों पहले से ही विवाहित थे, लेकिन अब पिछले करीब चार सालों से लिव इन रिलेशनशिप में एक-दूसरे के साथ रह रहे थे। पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।