बुधवार देर रात से लेकर वीरवार सुबह छह बजे तक चले सर्वे में मालेरकोटला के
एक बड़े औद्योगिक घराने और बड़े महिला डाक्टर के अल्ट्रासाउंड स्कैन
केंद्र पर आयकर विभाग की दो टीमों ने छापामारी करके न सिर्फ रिकार्ड कब्जे
में लिया है बल्कि स्कैन केंद्र से पचास लाख रुपये भी सिरेंडर करवा लिए
हैं।
आयकर विभाग के सहायक कमिश्नर लुधियाना रितेश कुमार के नेतृत्व
में पहुंची दो टीमों में मालेरकोटला के आईटीओ राजीव पुरी भी अपनी टीम के
साथ पहुंचे और नाभा रोड स्थित एक बड़े औद्योगिक घराने और रेलवे रोड पर
स्थित एक बड़े अल्ट्रासाउंड स्कैन केंद्र पर एक साथ दबिश दी। विभाग की यह
चेकिंग बुधवार देर रात से वीरवार सुबह छह बजे तक जारी रही।
लुधियाना
के सहायक कमिश्नर रितेश कुमार ने बताया कि औद्योगिक इकाई के कंप्यूटर और
अन्य रिकार्ड कब्जे में लिया गया है और स्कैन केंद्र द्वारा पचास लाख रुपये
सिरेंडर करवा दिए गए हैं। आगे की कार्रवाई पूरी होने तक कुछ और कहना संभव
नहीं है, साथ ही उन्होंने इसे विभागीय सर्वे बताया है।