मोहाली स्थित एक सरकारी स्कूल की महिला प्रिंसिपल से छेड़छाड़ करने व अश्लील गालियां देने के आरोप में पुलिस ने एक गैराज मालिक समेत करीब पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शनिवार सुबह जब महिला प्रिंसिपल अपने पति व बेटे के साथ कार में सवार होकर बठिंडा से जीरकपुर जा रही थी तो एक कैंटर से उनकी टक्कर हो गई। बीच बचाव के लिए आए लोगों में से एक गैराज मालिक व उसके करीब पांच साथियों ने महिला प्रिंसिपल के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं।
एसएचओ जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि मोहाली के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल पद पर तैनात महिला अपने डाक्टर पति व इंजीनियर बेटे के साथ स्विफ्ट कार में बठिंडा से जीरकपुर लौट रहे थे। सुनाम पहुंचने पर उनकी कार से एक कैंटर टकरा गया।
सुनाम निवासी गैराज मालिक गुरमीत सिंह अपने चार पांच साथियों समेत घटनास्थल पर पहुंचा और महिला प्रिंसिपल को बाजू से पकड़कर खींचतान करने लगा और अश्लील गालियां देने लगा।
पीड़ित प्रिंसिपल की शिकायत के आधार पर गुरमीत सिंह व उसके चार पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट करने का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।