पटियाला पुलिस ने रात के समय किसानों के खेतों, मंडियों और घरों के बाहर खड़े खेती औजारों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके दो मेंबरों को काबू कर लिया है। आरोपियों के पास से 25 लाख की कीमत के चोरी किए 18 खेती के औजार बरामद किए गए हैं।
इन खेती औजारों के चोरी होने संबंधी थाना भादसों, थाना सिटी समाना और थाना खेड़ी गंडियां में केस दर्ज हैं। इस गैंग के ट्रेस होने से करीब 14 केस हल हो गए हैं। जिनमें कुछ फतेहगढ़ साहिब से संबंधित हैं।
आईजी परमजीत सिंह गिल ने सोमवार को पुलिस लाइन में मीडिया को बताया कि यह गैंग पटियाला व आसपास के इलाकों में पिछले कुछ महीनों से सरगर्म था। यह गिरोह रात के समय किसानों के ट्रैक्टर, ट्रालियां, इंजन, टोका मशीन, हडंबा थ्रैशर, कराह, हैरोआं, रोटावेटर आदि औजारों को चोरी करता था।
बाद में पेंट करवा कर यही औजार किसानों को बेच देते थे। पुलिस ने गिरोह के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज करके इसे ट्रेस किया है। पुलिस ने गैंग के धरमिंदर सिंह उर्फ भिला निवासी बघौरा और हरजीत सिंह उर्फ जीत निवासी चासवाल थाना भादसों गिरफ्तार कर इनके पास से 25 लाख की कीमत के 18 खेती औजारों को बरामद कर लिया है। आरोपियों को लिंक रोड चौरा-नूरखेड़ियां से गिरफ्तार किया गया है।