गला घोटकर पड़ोसी को मार डाला
कार निकालने को लेकर भिड़े, दंपति समेत तीन पर केस, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
थाना अनाज मंडी के अधीन पड़ती बाजवा कालोनी में शनिवार शाम मामूली सी बात पर पड़ोसी आपस में भिड़ गए। इस दौरान आरोपी अंग्रेज सिंह ने पड़ोसी के साथ बुरी तरह से मारपीट की और उसका गला घोट दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक थाना अनाज मंडी पुलिस ने आरोपी पड़ोसी, उसकी पत्नी और मां के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया था।
थाना अनाज मंडी से मामले के जांच अधिकारी एसआई बलतेज सिंह ने बताया कि बाजवा कालोनी की गली नंबर दो में रहने वाले अवतार सिंह (42) पेशे से ड्राइवर है। उनके घर के बाथरूम में रिपेयर का काम चल रहा था। इस कारण घर के बाहर कुछ रेत पड़ा था। पड़ोस में रहने वाला अंग्रेज सिंह जो खुद भी पेशे से ड्राइवर है वह शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे अवतार सिंह से लड़ने लगा कि घर के बाहर रेत पड़ा होने के कारण उसे गाड़ी निकालने में मुश्किल हो रही है। मामला इतना बढ़ा कि दोनों भिड़ गए। तैश में आए अंग्रेज सिंह ने अवतार सिंह को पीटा और उसका गला घोट दिया। गला घोटने से अवतार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। एसआई बलतेज सिंह ने बताया कि आरोपी अंग्रेज सिंह, उसकी पत्नी मनजीत कौर और मां इंद्र कौर के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।