एसएसपी रेजीडेंस के नजदीक बुधवार को दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार सीएमएस कंपनी के कैशियर से बाइक सवार दो लुटेरों सवारों ने 2.31 लाख रुपये लूट लिए। कैशियर ने मोटरसाइकिल पर लुटेरों का पीछा किया, लेकिन वह उन्हें पकड़ नहीं सका।
लाहौरी गेट थाना पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने बताया कि सीएमएस कंपनी का हेडक्वार्टर पंचकूला में है।
यह कंपनी शोरूमों से कैश इकट्ठा करके बैंक में जमा कराती है। बुधवार को कंपनी का पटियाला का कैशियर महिंदर सिंह धर्मपुरा व अर्बन एस्टेट इलाकों के शोरूमों से दो लाख 31 हजार का कैश इकट्ठा करके लीला भवन में आईसीआईसीआई बैंक शाखा में जमा कराने मोटरसाइकिल पर जा रहा था।
एसएसपी रेजीडेंस के नजदीक लीला भवन के लाइटों वाले चौक पर लाल बत्ती होने पर महिंदर सिंह ने मोटरसाइकिल रोक दी। ग्रीन लाइट होने पर महिंदर सिंह के पास खड़े मोटरसाइकिल सवार दो यक्ति उसके कंधे पर लटका कैश से भरा बैग छीन कर फरार हो गए।
कैशियर महिंदर सिंह ने लुटेरों का 22 नंबर फाटक तक पीछा किया, लेकिन वह उन्हें पकड़ नहीं सका। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई प्रितपाल सिंह ने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है। कैशियर ने कैश का बैग छीनने पर शोर नहीं मचाया। इस चौक पर ट्रैफिक पुलिस हर वक्त तैनात रहती है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक अगर महिंदर सिंह शोर मचाता तो वह कार्रवाई करते। दूसरी तरफ कैशियर का कहना है कि उसने शोर नहीं मचाया, क्योंकि वह पीछा करने लगा था।