सीएम सिटी में चिट्टे का शिकार युवक से पूछताछ करने पहुंची पुलिस
पीड़ित युवक ने कुछ नशा तस्करों के नामों का किया खुलासा
एसपी ने कहा-सभी आरोपी हरियाणा के, वहां की पुलिस को सूचना दी जाएगी
लड़ रहा मौत से, नशे की लत के कारण आए अटैक से शरीर के एक हिस्से ने काम करना किया बंद
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। चिट्टे लत के कारण वर्षों से बिस्तर पर पड़े 31 साल के युवक मोनू से वीरवार को थाना कोतवाली पुलिस पूछताछ करने पहुंची। दरअसल मोनू का हालचाल जानने के लिए जब बुधवार को कुछ समाज सेवक उसके घर पहुंचे थे, तो उसने कुछ नशा तस्करों के नाम का खुलासा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस वीरवार को उसके घर पहुंची। एसपी (सिटी) केसर सिंह ने बताया कि मोनू द्वारा पुलिस पूछताछ में जिन नशा तस्करों के नाम का खुलासा किया है, वह सभी हरियाणा के हैं। इसलिए वहां की पुलिस को सूचित किया जा रहा है, ताकि वह एक्शन ले सकें।
गौरतलब है कि मोनू चिट्टे का शिकार होकर वर्तमान में जिंदगी-मौत की लड़ाई लड़ रहा है। पिछले कई वर्षों से वह बिस्तर से नहीं उठ पाया है, क्योंकि नशों की लत के कारण आए अटैक से इसके शरीर के एक हिस्से ने काम करना बंद कर दिया है। बिस्तर में पड़े रहने के कारण मोनू के शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म हो गए हैं। उसका पिछले तीन महीने से पीजीआई चंडीगढ़ से इलाज भी चल रहा है।
चिट्टे में केमिकल की मिलावट के कारण मोनू को अटैक आया था। पीड़ित युवक अब नशेड़ियों के बनाए अड्डों और वहां नशा बेचने वालों के नाम भी उजागर कर रहा है, ताकि किसी और का यह हाल न हो। मोनू ने इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह कालेज में पढ़ते समय अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने फिरने जाता था, जो उसे कुछ नशा करवा देते थे। शुरू में तो नशा करने के लिए दोस्त उसे पैसे देते थे, जबकि बाद में उसे पैसा लाने के लिए कहने लगे। मोनू ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ हरियाणा के गांव बोधनी जो पिहोवा के पास है, वहां रिंका व काला नाम के व्यक्तियों से नशा लेकर आते थे। इस नशे ने धीरे-धीरे उसे पूरी तरह से अपनी गिरफ्त में ले लिया और उसका यह हाल हो गया। मोनू ने नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।