पटियाला में प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
दशहरे पर विभिन्न विभागों के ठेका मुलाजिमों ने रोष मार्च करके बस स्टैंड के पास चौक पर प्रदेश सरकार व विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों के पुतले फूंके।
जल सप्लाई एवं सेनिटेशन विभाग, वेटरिनरी विभाग के ठेका मुलाजिमों के साथ-साथ मनरेगा कर्मचारियों पर आधारित ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा के मेंबर मंगलवार सुबह पहले नेहरू पार्क में इकट्ठा हुए। इसके बाद ठेका मुलाजिम रोष मार्च करते हुए बस स्टैंड के पास चौक में पहुंचे। यहां इन मुलाजिमों ने पंजाब सरकार, कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, पशुपालन मंत्री गुलजार सिंह रणीके, पंचायत मंत्री सिकंदर सिंह मलूका के पुतले फूंककर प्रदर्शन किया।
कर्मचारी नेताओं गुरप्रीत सिंह, जसविंदर सिंह, जसदेव सिंह ने कहा कि जल सप्लाई, पंचायत विभाग, पशुपालन में लंबे समय से कर्मचारी ठेके पर और कंपनियों, सोसाइटियों के जरिए काम करते आ रहे हैं। प्रदेश सरकार व विभागों के मंत्री महकमे में शामिल करके पक्का करने संबंधी टाल-मटोल करते आ रहे हैं लेकिन अब तक सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया।
इससे तंग आकर उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर आने वाले दिनों में सारे वर्करों को विभागों में शामिल करके पक्का न किया गया तो गांव-गांव जाकर सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।