अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला के देवीगढ़ रोड स्थित गांव पंजेटा में दो साल के मासूम की बाथरूम में रखी पानी की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई है। मृतक बच्चे की पहचान गौरव के तौर पर हुई है। बच्चे का पिता अमनदीप गाड़ियां धोने का काम करता है। वहीं दादा गोपाल सिंह मिट्टी के बर्तन बनाकर बेचता है। रोजाना की तरह दादा घर के आंगन में बर्तन बना रहे थे। परिवार के बाकी सदस्य भी उनकी इस काम में मदद कर रहे थे। इसी बीच गौरव खेलता-खेलता बाथरूम में चला गया और वहां पानी की भरी बाल्टी में डूब गया।
गौरव को आसपास न देखकर थोड़ी देर बाद घर के सदस्यों ने तलाश शुरू की तो पाया कि वह बाथरूम में रखी पानी की बाल्टी में औंधे मुंह गिरा पड़ा है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में बच्चे की मौत से शोक का माहौल है।